views
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री एक ट्रेडिंग कंपनी में हुई 50 लाख रुपये से अधिक की कथित चोरी के मामले में कार्रवाई में देरी को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी को फोन पर फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा कि अगर चोरों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो मुझे छुड़ाने आ जाइए या पुलिस टीम भेज दीजिए। मंत्री के इस तेवर के बाद थाना प्रभारी ने दो दिन के भीतर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
व्यापारियों ने मंत्री से की पुलिस की शिकायत
मामला सोमवार शाम अंबिकापुर के अग्रसेन भवन का है। यहां व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल से मुलाकात कर चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। व्यापारियों का आरोप था कि कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी को खर्चा-पानी देने के बावजूद मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है।
व्यापारियों की शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने तत्काल अपना मोबाइल निकाला और संबंधित कोतवाली थाना प्रभारी को फोन लगा दिया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि 40-50 व्यापारियों ने उन्हें बांधकर बैठा लिया है। यदि पुलिस चोरों को नहीं पकड़ पा रही है तो उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस टीम भेज दी जाए।
थाना प्रभारी ने मांगी दो दिन की मोहलत
मंत्री के सख्त रुख के बाद थाना प्रभारी ने मामले में कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा। इसके बाद व्यापारियों को चोरी के मामले में आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होने की उम्मीद जगी है। अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
क्या है 50 लाख रुपये की चोरी का मामला?
खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी के संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में 50 लाख रुपये से अधिक की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में फर्म में पिछले छह साल से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर गड़बड़ी में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी सील और रसीदें तैयार कर कंपनी के सामान को बाहर भेजा। बीते चार महीनों में पिकअप और अन्य वाहनों के जरिए सामान गंगापुर स्थित एक दूसरे गोदाम में पहुंचाए जाने का आरोप है।
कंपनी के एक कर्मचारी से जानकारी मिलने के बाद स्टॉक और रिकॉर्ड का मिलान किया गया। इसके बाद 50 लाख रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी सामने आई। फिलहाल इस मामले में मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।
