CG NEWS: 70 लाख का गांजा जब्त, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़; दो सगे भाइयों समेत 4 गिरफ्तार
views
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने वाले इस नेटवर्क के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई में गांजा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
सनौद पुलिस की कार्रवाई से खुला तस्करी नेटवर्क
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सनौद थाना पुलिस ने 21 नवंबर को ग्राम अरकार में कार्रवाई करते हुए भीषम सतनामी को गिरफ्तार किया था। उसके पास से दो पैकेट और पुड़िया में रखा 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने गांजा कामता प्रसाद कोसरे से खरीदना बताया। इसके बाद पुलिस ने कामता प्रसाद कोसरे को भी गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में दो सगे भाइयों का नाम आया सामने
कामता प्रसाद कोसरे ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह ग्राम खप्परवाड़ा निवासी दो सगे भाइयों ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल से गांजा खरीदता था। दोनों भाई करीब एक साल से उसके गांव में गांजा बेचने आते थे। वह उनसे गांजा खरीदकर स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी मात्रा में बेचता था। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा बिक्री के 3 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।
ओडिशा के बालीगुड़ा से खरीदकर लाते थे गांजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम खप्परवाड़ा में घेराबंदी कर ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों भाइयों ने बताया कि वे ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा खरीदकर लाते थे और अपने घर में छिपाकर रखते थे। अधिक मुनाफा कमाने के लालच में उन्होंने गांजा तस्करी का कारोबार शुरू किया था। दोनों एक बार में करीब 10 से 20 किलोग्राम गांजा खरीदकर लाते थे।
पिकअप वाहन से फल-सब्जी लाने की आड़ में तस्करी
आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने खेती छोड़कर पिकअप वाहन खरीदा था। शुरुआत में वाहन को किराये पर चलाने के लिए कोलकाता और बनारस जाते थे। वाहन कारोबार में नुकसान और किश्त नहीं चुका पाने के कारण उन्होंने पिकअप को भिलाई फल मंडी में किराये पर लगा दिया। इसके बाद फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाने लगे। इसी दौरान उन्होंने गांजा तस्करी का अवैध कारोबार शुरू कर दिया।
लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखे थे 134 पैकेट
पुलिस ने दोनों भाइयों के घर की तलाशी ली तो लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखे गांजे के 134 पैकेट बरामद हुए। इनमें कुल 136.56 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 68.27 लाख रुपये बताई गई है।
70 लाख का गांजा और तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 138.551 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक फैले गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
