Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
यूपी में ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन, 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव: चंद्रशेखर होंगे CM फेस; 40% दलित-मुस्लिम वोटों पर नजर
यूपी में ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन, 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव: चंद्रशेखर होंगे CM फेस; 40% दलित-मुस्लिम वोटों पर नजर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में नया सियासी समीकरण बन गया है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का ऐलान किया है। इस गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया गया है। दोनों दलों ने यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।

गुरुवार को लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को रोकने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आएगा।

चंद्रशेखर बोले- यह तीसरा नहीं, पहला मजबूत मोर्चा होगा

गठबंधन के ऐलान के दौरान सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा होगा। उन्होंने कहा कि बड़े राजनीतिक गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की गई, लेकिन वहां हमें कमजोर समझा गया। अब सामाजिक परिवर्तन मोर्चा प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपनी ताकत दिखाएगा।

40 फीसदी दलित-मुस्लिम आबादी पर गठबंधन की नजर

उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित और मुस्लिम वोट बैंक को काफी अहम माना जाता है। आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 19 प्रतिशत और दलित आबादी लगभग 21 प्रतिशत है। इस तरह दोनों समुदायों की संयुक्त आबादी करीब 40 प्रतिशत होती है।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन की नजर इसी बड़े वोट बैंक पर है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इस गठबंधन से समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक पर असर पड़ सकता है। हालांकि, इसका वास्तविक प्रभाव चुनावी नतीजों के बाद ही स्पष्ट होगा।

RLD बोली- NDA की सफलता पर कोई असर नहीं पड़ेगा

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। RLD नेता केसी त्यागी ने कहा कि इस गठबंधन से NDA की सफलता या उसके एजेंडे पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, उन्होंने माना कि इससे चुनाव प्रचार में उत्साह और आक्रामकता बढ़ सकती है।

कांग्रेस नेता ने ओवैसी पर साधा निशाना

गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए जाने पर कांग्रेस नेता आसिम वकार ने ओवैसी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ओवैसी लगातार अखिलेश यादव और राहुल गांधी से किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने की मांग करते रहे हैं। उनका कहना था कि अब खुद ओवैसी ने गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को CM फेस घोषित कर दिया है।

आसिम वकार ने सवाल उठाया कि अब मुस्लिम समुदाय की राजनीतिक भागीदारी को लेकर ओवैसी का क्या रुख होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का मुस्लिम समाज खुद तय करेगा कि इस बार मुख्यमंत्री कौन बनेगा।

सपा-बसपा के लिए बढ़ सकती है राजनीतिक चुनौती

उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर का साथ आना समाजवादी पार्टी और बसपा के लिए नई चुनौती बन सकता है। अब देखना होगा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा अपने घोषित 403 सीटों के चुनावी दावे को जमीन पर कितना मजबूत कर पाता है और इसका प्रदेश की राजनीति पर कितना असर पड़ता है।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here