views
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में जुए के फड़ पर पुलिस की छापेमारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहा एक युवक तालाब में कूद गया और लापता हो गया। दूसरे दिन सुबह तालाब में उसका शव तैरता मिला। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। मामले में सक्ती एसपी ने हसौद थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को निलंबित कर दिया है। साथ ही घटना की जांच डभरा एसडीओपी को सौंपी गई है।
जुए के फड़ पर पुलिस ने मारा था छापा, तालाब में कूदा युवक
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात जुआ खेले जाने की सूचना पर हसौद पुलिस की टीम गांव में दबिश देने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही वहां जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान गांव का रहने वाला महेश राम केंवट पुलिस से बचने के लिए तालाब में कूद गया। इसके बाद वह लापता हो गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन रात में उसका पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह तालाब में युवक का शव तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप, एक करोड़ मुआवजे की मांग
युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पुलिस पर मृतक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की।
आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर चक्काजाम भी किया। इससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रशिक्षु SI जयराम साहू निलंबित, डभरा SDOP करेंगे जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती एसपी ने कार्रवाई करते हुए हसौद थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि उच्च अधिकारियों को सूचना दिए बिना जुए के फड़ पर छापेमारी की गई थी।
इसके साथ ही घटना की जांच के लिए डभरा एसडीओपी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि छापेमारी के दौरान क्या परिस्थितियां बनीं और युवक की मौत के लिए किसी स्तर पर लापरवाही जिम्मेदार थी या नहीं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
