views
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के अंतिम सप्ताह के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ रहा है, जबकि दोपहर में हल्की गर्मी महसूस हो रही है। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच आने वाले दिनों में ठिठुरन और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
CG Weather Today: रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, आने वाले दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 नवंबर तक रायपुर का न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का एहसास ज्यादा होगा।
CG Weather Update: सुकमा रहा सबसे गर्म, पेंड्रा में सबसे कम तापमान
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सुकमा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सरगुजा में घने कोहरे का अलर्ट, वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह
प्रदेश के उत्तरी हिस्से में ठंड के साथ कोहरे का असर भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने सरगुजा जिले में एक-दो स्थानों पर बुधवार सुबह घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम होने की आशंका है। ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
CG Weather Forecast: आने वाले दिनों में बढ़ेगी ठिठुरन
नवंबर के आखिरी दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से रात की ठंड और तेज हो सकती है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के इलाकों में इसका ज्यादा असर महसूस होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के बीच लोगों को सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने की जरूरत पड़ सकती है।
