Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
हर विद्यालय में प्रहरी क्लब बनाकर विद्यार्थियों को नशे के प्रति जागरूक करें: जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन
हर विद्यालय में प्रहरी क्लब बनाकर विद्यार्थियों को नशे के प्रति जागरूक करें: जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन

कोरबा, 21 नवंबर 2026/ विद्यालयों में बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री टी. पी. उपाध्याय, जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

 

जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में प्रहरी क्लब गठित कर नशामुक्ति अभियान को नियमित रूप से संचालित किया जाए। शिक्षक विद्यार्थियों से संवाद करें और उन्हें तंबाकू तथा अन्य नशीले पदार्थों के स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव समझाएँ। उन्होंने कहा कि इस अभियान में पालकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को विद्यालय के साथ घर और आसपास भी सहयोगी वातावरण मिले।

 

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग ने तंबाकू नियंत्रण से संबंधित कोटपा अधिनियम तथा बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण देने वाले पॉक्सो अधिनियम की जानकारी दी। आबकारी विभाग ने नशीले पदार्थों की बिक्री की रोकथाम से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया। स्वास्थ्य विभाग ने नशे से होने वाली शारीरिक और मानसिक हानि के बारे में बताया। पुलिस विभाग और साइबर सेल ने बच्चों की सुरक्षा, मोबाइल के उपयोग में सावधानी तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपाय साझा किए।

 

श्री जैन ने प्राचार्यों को निर्देशित किया कि वे विद्यालय परिसर और उसके आसपास तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन तथा बिक्री की रोकथाम के प्रति सतर्क रहें। विद्यार्थियों के लिए रैली, शपथ, पोस्टर निर्माण, भाषण प्रतियोगिता और संवाद जैसी गतिविधियाँ आयोजित करें। इन कार्यक्रमों में बच्चों को अपनी बात कहने और किसी समस्या पर शिक्षक या पालक से सहायता माँगने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए।

 

बैठक में अधिकारियों ने संबंधित कानूनी प्रावधानों और उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी दी। सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया, ताकि विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अपनी सुरक्षा करने और जिम्मेदार निर्णय लेने के लिए लगातार जागरूक किया जा सके।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here