views
रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जिलों में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में आयकर विभाग की 16 से अधिक टीमों ने तड़के सुबह दबिश दी। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कर चोरी से जुड़ी सूचनाओं के आधार पर की जा रही है। अधिकारी कारोबारियों के आवास, कार्यालय और औद्योगिक परिसरों में पहुंचकर टैक्स से संबंधित दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।
सुबह 5 बजे से शुरू हुई कार्रवाई, 16 टीमों ने एक साथ दी दबिश
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग ने इस कार्रवाई के लिए 16 अलग-अलग टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने बुधवार तड़के करीब 5 से 6 बजे के बीच पांच जिलों में अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में बल भी तैनात किया गया है।
रायगढ़ में बर्बरीक ग्रुप, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात पर छापा
रायगढ़ में बड़े उद्योगपतियों कमल अग्रवाल और श्रवण अग्रवाल से जुड़े ठिकाने आयकर विभाग की जांच के दायरे में हैं। बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के कार्यालयों एवं औद्योगिक परिसरों में अधिकारियों ने दबिश दी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों उद्योगपतियों के आवास के अलावा उनके कारोबार से जुड़े 3 से 4 अन्य ठिकानों पर भी एक साथ जांच की जा रही है। आयकर विभाग की टीमें सुबह से ही टैक्स से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल खातों की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।
रायपुर में PRA ग्रुप के कार्यालय समेत कई जगह छापेमारी
राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग की कार्रवाई का दायरा व्यापक है। तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में अधिकारियों ने दबिश दी है। इसके अलावा शंकर नगर, खम्हारडीह और रिंग रोड इलाके में भी छापेमारी की जानकारी सामने आई है।
वहीं चंदखुरी के बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में भी आयकर विभाग की टीम पहुंची है। अलग-अलग स्थानों पर अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
औद्योगिक जगत में मचा हड़कंप, जांच के बाद हो सकते हैं बड़े खुलासे
प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ हुई इस कार्रवाई से कारोबारी और औद्योगिक जगत में हलचल मची हुई है। आयकर विभाग की टीमें फिलहाल जांच में जुटी हैं। हालांकि, छापेमारी के संबंध में विभाग की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
कार्रवाई के पीछे कर चोरी से जुड़ी सूचनाओं को आधार बताया जा रहा है, लेकिन जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी की नजर आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई और जांच के संभावित खुलासों पर टिकी हुई है।
