views
चंडीगढ़ से इंदौर जा रही ऊना-इंदौर एक्सप्रेस में रेलवे की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। ट्रेन के कोच में सफर कर रहे 78 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी एचपी करण की नाक को चूहे ने कुतर दिया। यह दर्दनाक हादसा शनिवार, 22 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे उस वक्त हुआ जब वह अपनी बर्थ पर सो रहे थे। नाक से तेज दर्द और खून बहने पर उनकी नींद खुली, जिसके बाद उन्हें चूहे के काटने का पता चला।पीड़ित परिवार का आरोप है कि सफर की शुरुआत में ही उन्होंने रेलवे स्टाफ से कोच में गंदगी और चूहों की मौजूदगी की शिकायत की थी। कर्मचारियों ने सफाई तो कर दी, लेकिन चूहों को भगाने का कोई इंतजाम नहीं किया। इंदौर पहुंचने के बाद बुजुर्ग अधिकारी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया।
मामले में पश्चिमी रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) मुकेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने कहा कि नियम के मुताबिक हर 15 दिन में कोच का पेस्ट कंट्रोल किया जाता है, लेकिन इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरी ट्रेन की नए सिरे से जांच और पेस्ट कंट्रोल कराया जाएगा।
