Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
बिसलेरी के पानी के सैंपल में मिला तय सीमा से ज्यादा ब्रोमेट! FSSAI की कार्रवाई पर कंपनी ने दी सफाई
बिसलेरी के पानी के सैंपल में मिला तय सीमा से ज्यादा ब्रोमेट! FSSAI की कार्रवाई पर कंपनी ने दी सफाई

बिसलेरी के पानी के सैंपल में मिला तय सीमा से ज्यादा ब्रोमेट! FSSAI की कार्रवाई पर कंपनी ने दी सफाई

नई दिल्ली। देश के प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी (Bisleri) को लेकर खाद्य सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है। मामला कंपनी की गोवा स्थित निर्माण इकाई में तैयार किए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल की जांच से जुड़ा है। शुरुआती जांच में पानी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी।

मामले को लेकर मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद बिसलेरी ने आधिकारिक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा है। कंपनी का कहना है कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसकी निर्माण इकाई में तैयार किए गए एक बैच से संबंधित है। कंपनी ने जांच के अलग-अलग परिणामों का हवाला देते हुए कहा है कि स्वतंत्र प्रयोगशाला में कराई गई जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर मिला था।

बिसलेरी के पानी में कितना मिला ब्रोमेट?

बिसलेरी के बयान के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा स्थित कंपनी की निर्माण इकाई से छह नमूने लिए थे। शुरुआती जांच में पांच नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया।

खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानक के अनुसार ब्रोमेट की अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। इस तरह शुरुआती जांच में संबंधित नमूने में इसकी मात्रा निर्धारित सीमा से 2 माइक्रोग्राम प्रति लीटर अधिक पाई गई थी।

दोबारा जांच में सामने आया अलग परिणाम

कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को शुरुआती जांच के नतीजे के खिलाफ अपील की थी। इसके बाद FSSAI ने संबंधित नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल प्रयोगशाला भेजा। बिसलेरी के अनुसार, रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया। हालांकि, इस जांच रिपोर्ट में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया।

जांच के दोनों परिणामों में अंतर को देखते हुए कंपनी ने उसी नमूने की एक स्वतंत्र जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में भी कराई। बिसलेरी का दावा है कि इस जांच में भी ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया।

FSSAI को फरवरी 2026 में सौंपी रिपोर्ट, नोटिस नहीं मिलने का दावा

बिसलेरी ने अपने बयान में कहा कि 2 फरवरी 2026 को कंपनी ने स्वतंत्र प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के साथ एक औपचारिक पत्र FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंपा था। इसके बाद कंपनी को प्राधिकरण की ओर से कोई अन्य सूचना नहीं मिली।

कंपनी का दावा है कि उसे अब तक ईमेल या हार्ड कॉपी के माध्यम से कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। साथ ही, FSSAI की वेबसाइट पर भी उसे ऐसा कोई नोटिस दिखाई नहीं दिया। इसी वजह से कंपनी ने माना कि मामला बंद हो चुका है।

हालांकि, FSSAI की ओर से अभियोजन की मंजूरी दिए जाने की खबर के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया है। कंपनी ने कहा है कि वह नियामक प्रक्रिया के तहत प्राधिकरण के साथ सहयोग जारी रखेगी।

बिसलेरी ने कहा- पानी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

विवाद के बीच बिसलेरी ने अपने उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर भरोसा जताया है। कंपनी के मुताबिक, उसकी 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक कड़े गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं।

कंपनी ने कहा कि पीने के पानी की सुरक्षा उसके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह वर्षों से उपभोक्ताओं का भरोसा बनाए रखने के लिए गुणवत्ता मानकों का पालन करती रही है।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here