views
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए तीन डंप बरामद किए गए हैं। इनसे 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है।
यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर डीआरजी, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीमों ने की। बरामद सामग्री के संबंध में दोनों थाना क्षेत्रों में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पामेड़ के जंगलों में 103 बीजीएल सेल बरामद
जानकारी के अनुसार, थाना पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में खुफिया सूचना मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में डीआरजी, डॉग स्क्वाड (K-9) और 208 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी।
सर्चिंग के दौरान जवानों ने संदिग्ध स्थानों की पहचान की। इसके बाद डॉग स्क्वाड की मदद से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता लगाया गया। तलाशी में 103 नग बीजीएल सेल समेत अन्य माओवादी सामग्री बरामद हुई।
गंगालूर में दो डंप से 33 बीजीएल सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर जब्त
इसी तरह थाना गंगालूर क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया।
इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और K-9 डॉग स्क्वाड वेस्पा की संयुक्त टीम शामिल थी। जंगल में तलाशी के दौरान माओवादियों के दो डंप बरामद किए गए।
इन डंप से 33 नग बीजीएल सेल, करीब 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।
तीन डंप से कुल 136 बीजीएल सेल बरामद
सुरक्षा बलों की इस संयुक्त कार्रवाई में पामेड़ और गंगालूर क्षेत्र से कुल तीन माओवादी डंप बरामद हुए हैं। इनमें 136 बीजीएल सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित अन्य सामग्री शामिल है।
खुफिया सूचनाओं के आधार पर चलाए गए इस अभियान में डॉग स्क्वाड की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। बरामद सामग्री को लेकर थाना पामेड़ और थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
