views
कोरबा। सुराकछार-बल्गी मार्ग पर दारू भट्टी के पास मोड़ से आगे सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कपड़े से ढककर आगे की कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नीले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 02167 को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान करने का प्रयास किया। युवक के पास मिले मोबाइल फोन से परिजनों या परिचितों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन लॉक होने के कारण सफलता नहीं मिली। वहीं, मोबाइल पर किसी का कॉल भी नहीं आ रहा था, जिससे मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाने में परेशानी हुई।
फिलहाल मृतक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक की पहचान होने के बाद ही हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
