views
कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसागरपारा तालाब के पास रविवार रात हुई हिंसक घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान रवि यादव के रूप में हुई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे शहर में मामला चर्चा का विषय बन गया है।जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले हुए विवाद को लेकर कुछ युवक एक व्यक्ति के घर पहुंचे थे, जहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वायरल वीडियो में कुछ युवक हाथ में ईंट और डंडा लिए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान आसपास के लोग बीच-बचाव का प्रयास कर रहे थे। बताया जा रहा है कि रवि यादव भी विवाद शांत कराने और युवकों को रोकने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रवि यादव एक युवक को समझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक उनके सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर ही गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। कुछ लोग आरोपियों के घर की ओर भी बढ़े, लेकिन हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया और किसी भी अप्रिय घटना को टाल दिया।
थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रामसागर पारा में हुई हत्या के प्रकरण में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया है। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध आगामी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
