views
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को भाजपा जिला मुख्यालय पं. दीनदयाल कुंज, टीपी नगर कोरबा में भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद गोष्ठी आयोजित कर पार्टी के विचारों और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उद्योग व आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री संजय शर्मा व अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन एवं वरिष्ठ नेत्री ज्योति वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।इस अवसर पर भाजपा जिला मुख्यालय को आकर्षक झालरों, रंगोली एवं दीप से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय माहौल में नजर आया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने भाजपा की विचारधारा, गौरवशाली इतिहास और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित किया। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में पार्टी का ध्वज फहराएं। साथ ही गांव चलो–बस्ती चलो अभियान के तहत गांव-गांव जाकर जनसंपर्क करेंगे। इस दौरान आम जनता को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा और स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
