Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
मुक्तिधाम से बुजुर्ग महिला की अस्थियां चोरी, चिता स्थल पर मिला नारियल-दीया; गांव में तीसरी बार हुई ऐसी घटना से दहशत
मुक्तिधाम से बुजुर्ग महिला की अस्थियां चोरी, चिता स्थल पर मिला नारियल-दीया; गांव में तीसरी बार हुई ऐसी घटना से दहशत

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गुरुर ब्लॉक के ग्राम खैरवाही स्थित मुक्तिधाम से 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अस्थियां रहस्यमय तरीके से गायब हो गईं। अंतिम संस्कार के दूसरे दिन जब परिजन अस्थियां लेने पहुंचे तो चिता स्थल पर नारियल, दीया और अगरबत्ती रखे मिले। वहीं, राख में तलाश करने पर अस्थियां नहीं मिलीं। घटना के बाद परिवार ने गुरुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अस्थियां बरामद करने की मांग की है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में इस तरह की यह तीसरी घटना है, जिससे लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

12 नवंबर को हुआ निधन, 13 नवंबर को किया गया अंतिम संस्कार

जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरवाही निवासी 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे निधन हो गया था। इसके बाद 13 नवंबर को दोपहर साढ़े 12 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अगले दिन 14 नवंबर को शाम के समय उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूजा-अर्चना करने मुक्तिधाम पहुंचे।

वहां चिता स्थल पर नारियल, दीया और अगरबत्ती रखी देखकर परिजन हैरान रह गए। जब उन्होंने ठंडी हो चुकी राख में अस्थियां तलाशनी शुरू कीं तो वे गायब मिलीं। इसके बाद गांव में पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आखिरकार परिजनों ने गुरुर थाने पहुंचकर शिकायत की और अस्थियां खोजकर वापस दिलाने की मांग की।

94 साल तक सुरक्षित रहीं दादी, निधन के बाद अस्थियां भी नहीं बचा पाए

दिवंगत विद्यावती रुखमणी शर्मा की पोती ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी दादी 94 साल तक सुरक्षित रहीं, लेकिन निधन के बाद परिवार उनकी अस्थियों की सुरक्षा नहीं कर पाया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने चिता स्थल पर पूजा-पाठ करने के बाद अस्थियां उठा लीं।

परिजनों के मन में अब कई सवाल हैं। आखिर किसने अस्थियां उठाईं और इसके पीछे उसका क्या उद्देश्य था? पूजा-पाठ के लिए नारियल, दीया और अगरबत्ती किसने रखी थी? घटना से पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है। शोक की घड़ी में इस तरह की घटना ने उनकी पीड़ा और बढ़ा दी है।

मां की अंतिम इच्छा थी प्रयागराज में गंगा में विसर्जित हों अस्थियां

दिवंगत महिला के मंझले बेटे और सिंचाई विभाग के पूर्व एसडीओ रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनकी मां धार्मिक प्रवृत्ति की थीं। वह परिवार और गांव के धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। उनकी अंतिम इच्छा थी कि निधन के बाद उनकी अस्थियों को प्रयागराज ले जाकर मां गंगा में विसर्जित किया जाए।

परिवार के सदस्य बालमुकुंद शर्मा, गिरेन्द्र कुमार शर्मा, श्याममूर्ति शर्मा और शारदा प्रसाद शर्मा सहित सभी लोग उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार विधि-विधान से अस्थि विसर्जन की तैयारी कर रहे थे। लेकिन अस्थियां गायब होने से परिवार की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।

रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर अस्थियां गायब करने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए। दोषी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए और अस्थियां परिवार को वापस दिलाई जाएं।

खैरवाही मुक्तिधाम में पहले भी हो चुकी हैं अस्थियां गायब

ग्रामीणों के अनुसार, खैरवाही मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो बार इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2025 में उनके पिता का निधन होने के बाद इसी मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया था। जब वे अगले दिन अस्थियां लेने पहुंचे तो वे भी गायब थीं।

उस समय गांव में इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। कुछ लोगों ने इसे निजी मामला बताकर बात टाल दी थी। अब तीसरी बार बुजुर्ग महिला की अस्थियां गायब होने की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय और नाराजगी है। लोग मुक्तिधाम की सुरक्षा व्यवस्था और लगातार हो रही ऐसी घटनाओं की जांच की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर मुक्तिधाम में चिता की राख से अस्थियां कौन और किस मकसद से ले जा रहा है? लगातार तीसरी घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों को पुलिस जांच से ही इस रहस्य का खुलासा होने की उम्मीद है।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here