views
कोरबा प्रेस क्लब के आयोजन का 22 वां वर्ष,उत्साह कायम
कोरबा। जिले में क्रिक्रेट का सबसे बड़ा टूर्नामेंट कहे जाने वाले स्व. केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज 16 फरवरी की शाम 7 बजे किया जाएगा। इसके लिए कोरबा प्रेस क्लब के द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। रंगारंग कार्यक्रम व आतिशबाजियों के बीच इस स्पर्धा का शुभारंभ होगा। इसके लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम घंटाघर को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। सभी मैच दूधिया रौशन में खेले जाएंगे।
इस प्रतियोगिता में अंचल की 16 टीम हिस्सा ले रही हैं। ऊर्जाधानी कोरबा के साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ में टेनिस बॉल क्रिकेट के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल स्व. केएल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट हर वर्ष कॉर्पोरेट घरानों के साथ ही समस्त शासकीय विभागों की टीम को एक मंच पर लेकर आता है। स्व. केएल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में इस बार भी कलेक्ट्रेट 11, एसपी 11, बालको 11, मेयर 11, कमिश्नर 11, एनटीपीसी, सीएसईबी और अडानी पावर, एसईसीएल कोरबा, एसईसीएल कुसमुंडा, सीएसपीडीसीएल, फॉरेस्ट 11, मेडिकल कॉलेज 11, एजुकेशन 11, अधिवक्ता 11 और प्रेस क्लब कोरबा की टीम शिरकत करेगी। प्रेस क्लब ने क्रिकेट व खेल प्रेमियों सेअधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साह और आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।
