Vijay Dubey (Editor in Chief)
+91-7999704464
Abhishek Singh Anant (Reporter)
Contact for News & Advertisements
menu
AWESOME! NICE LOVED LOL FUNNY FAIL! OMG! EW!
अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग-पुलिस की टीम पर हमला, TI समेत महिला वनकर्मी घायल; 3 आरोपी हिरासत में
अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग-पुलिस की टीम पर हमला, TI समेत महिला वनकर्मी घायल; 3 आरोपी हिरासत में

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमले का मामला सामने आया है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के करका जंगल में अतिक्रमण हटाने के दौरान ग्रामीणों और कार्रवाई करने पहुंची टीम के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान खल्लारी थाना प्रभारी (TI) टुमनलाल डडसेना समेत महिला वनकर्मियों और सुरक्षा श्रमिक को चोटें आई हैं। घटना के बाद वन विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी थे अभियान में तैनात

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला आरसीकन्हार रेंज के करका गांव स्थित जंगल का है। यहां महादनी नदी के उद्गम स्थल के आसपास सरकारी वनभूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार को वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम पहुंची थी। बड़े स्तर पर चलाए गए इस अभियान में 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए थे। इनमें महिला वनकर्मी भी शामिल थीं।

विरोध के दौरान हिंसक झड़प, TI और महिला वनरक्षक घायल

वनभूमि से कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए टीम के साथ बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने आगजनी की कोशिश की और पुलिस अधिकारी व महिला वनकर्मियों पर हमला कर दिया।

इस हमले में खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना, महिला वनरक्षक परमेश्वरी और ललिता तथा सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती चोटिल हुए हैं। घटना के बाद वन अमले ने खल्लारी थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई है।

तीन आरोपी हिरासत में, वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई

घटना की पुष्टि करते हुए टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि अतिक्रमण के मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें श्याम लाल (55 वर्ष), देवलाल नेताम (40 वर्ष) और योगेश कुमार (28 वर्ष) शामिल हैं। उनके खिलाफ वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एक दशक में सवा लाख पेड़ों को नुकसान, 102.45 हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जा

वन विभाग के मुताबिक, करका जंगल क्षेत्र में पिछले करीब एक दशक के दौरान लगभग सवा लाख पेड़ों की कटाई और नुकसान हुआ है। वहीं, 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण किए जाने का खुलासा हुआ है। वनभूमि पर लगातार बढ़ते कब्जे ने जंगलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है।

2016 में 22 हेक्टेयर था अतिक्रमण, 2026 में बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हुआ

वन विभाग के सर्वेक्षण के अनुसार, वर्ष 2016 में करका क्षेत्र की लगभग 22 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण था। अगले दस वर्षों में यह बढ़कर वर्ष 2026 तक 102.45 हेक्टेयर हो गया। यानी इस दौरान अतिक्रमण का दायरा चार गुना से भी अधिक बढ़ गया।

इस स्थिति का आकलन पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और GPS आधारित ड्रोन सर्वेक्षण के जरिए किया गया है। वन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़े अभियान के तहत अतिक्रमित वनभूमि को कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई की है।

करका जंगल में हुई इस घटना के बाद वनभूमि की सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस और वन विभाग मामले की आगे की कार्रवाई में जुटे हैं।

YOUR REACTION?

Contact us for Website, Software & Android App development : Click Here