views
कोरबा में आगामी छठ महापर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आज पंचवटी विश्राम गृह में महापौर संजू देवी राजपूत के नेतृत्व में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई, निर्माण कार्यों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, सफाई ठेकेदारों और नगर निगम के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। छठ महापर्व के आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए घाटों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही जहां साफ-सफाई, मरम्मत और निर्माण कार्यों की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
महापौर संजू देवी राजपूत ने संबंधित अधिकारियों एवं जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इस महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। नगर निगम श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा।
बैठक में पार्षद चंद्रलोक सिंह, राजपूत समाज के अध्यक्ष अवधेश सिंह, सफाई ठेकेदार विजय यादव, पूर्वांचल विकास समिति से कमलेश यादव, बालको जोन कमिश्नर अखिलेश शुक्ला, दर्री जोन से लीलाधर पटेल, रविशंकर शुक्ला जोन से पवन तिवारी, परिवहन जोन से सुनील तांडे, कोरबा जोन से मनीष यादव एवं जेएसपी से श्री श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
इसके अलावा एल्डरमैन दीपक यादव, विनय राय, स्मित सिंह, दिनेश सिंह, कमलेश सिंह, निकेश ठाकुर, मनीष कुमार सिंह, अनुज ठाकुर, गौरव राय एवं अजित सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी एवं सभी जोन कमिश्नर मौजूद रहे।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। नगर निगम का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में छठ पूजा करने का अवसर मिल सके।
