views
कोरबा। जिले के कटघोरा विकासखंड स्थित छुरीकला एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्रों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब उन्होंने विद्यालय में कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी का घेराव कर दिया। छात्रों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान को हटाने की मांग करते हुए भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी गंभीर शिकायतें जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं।
👉🏻गुणवत्ताहीन भोजन
छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में उन्हें गुणवत्ताहीन भोजन दिया जा रहा है। कई बार खाने की थाली में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई है। इसके अलावा छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थ और दवाइयां वितरित की गईं, जिससे कई विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ गई। दूषित भोजन और साफ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई बच्चे खाज-खुजली और अन्य त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित हैं। लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं होने पर छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा।
👉🏻विधायक ने दिया जांच का आश्वासन
मौके पर पहुंचे कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने छात्रों की समस्याएं गंभीरता से सुनी और पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने सहायक आयुक्त को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। घटना के बाद विद्यालय परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। जनप्रतिनिधियों ने छात्रों को शांत कराया और भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
