views
नगर पालिक निगम कोरबा की नई सरकार ने अपने 16 महीने के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखते हुए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा जारी किया। महापौर ने प्रेस वार्ता में दावा किया कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए 434 विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इनमें 76 कार्य पूरे हो चुके हैं, 149 निर्माणाधीन हैं, जबकि 209 नए प्रोजेक्ट्स पर जल्द काम शुरू किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि निगम ने इस दौरान सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, खेल, आवास, पर्यावरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी है। शहर की प्रमुख सड़कों के डामरीकरण, नई पेयजल योजनाओं, हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट, नालों के जीर्णोद्धार और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया गया है।
निगम के अनुसार, ई-रिक्शा आधारित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को प्रभावी बनाया गया है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। वहीं, बायोगैस प्लांट, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और जल संरक्षण जैसे दीर्घकालिक प्रोजेक्ट्स पर भी तेजी से कार्य जारी है।
महापौर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने के साथ-साथ स्ट्रीट वेंडर्स के पुनर्वास, जलापूर्ति नेटवर्क के विस्तार, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, ई-चार्जिंग स्टेशन और ग्रीन कॉरिडोर जैसे आधुनिक विकास कार्यों को भी गति दी गई है। नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए भी निगम स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि केंद्र सरकार की योजना के तहत कोरबा शहर के लिए 40 इलेक्ट्रिक बसों की स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे आने वाले समय में शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
महापौर ने कहा कि निगम का लक्ष्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है ताकि कोरबा को एक स्वच्छ, आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
